
हाथरस 07 सितम्बर। चंदपा थाना क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर आरबी कोल्ड स्टोरेज के पास सोमवार सुबह बड़ा सड़क हादसा होने से बच गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गलत दिशा में चली गई और सामने से आ रही ईको से जा टकराई। हादसे में दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। बताया गया कि ईको में सवार श्रद्धालु राजघाट पर गंगा स्नान करने के बाद आगरा लौट रहे थे। ईको में अमरदीप, सुचेता, अंकित, ममता, साधना और भगवान दास सवार थे, जो आगरा के कोलखा, ताजगंज क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। इसी दौरान आगरा से हाथरस की ओर आ रही चिकित्सक की कार के सामने अचानक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा में पहुंच गई। इसके बाद सामने से आ रही ईको से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि राहत की बात रही कि दोनों वाहनों में सवार लोग गंभीर हादसे का शिकार होने से बच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार आरबी कोल्ड स्टोरेज के आसपास करीब तीन किलोमीटर का क्षेत्र लगातार हादसों के चलते ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 10 दिनों में इस मार्ग पर कई सड़क हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से इस क्षेत्र में वाहनों की गति नियंत्रित कराने के साथ पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में होने वाले हादसों पर रोक लगाई जा सके।











