
हाथरस 07 सितम्बर। महिला थाने में दहेज उत्पीड़न का एक और मामला सामने आया है। सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के बमनहार निवासी मिथलेश ने अपने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने और घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। मिथलेश ने बताया कि उसकी शादी 19 जून 2019 को हसायन थाना क्षेत्र के हैदलपुर निवासी हेमेंद्र पुत्र हुकुम सिंह के साथ हुई थी। पीड़िता के अनुसार उसके पिता ने शादी में करीब आठ लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें तीन लाख रुपये नकद के अलावा करीब पांच लाख रुपये का सामान, सोने की चेन, अंगूठी, स्प्लेंडर बाइक, फर्नीचर, वाशिंग मशीन, सोफा, फ्रिज और अलमारी दी गई थी। आरोप है कि इसके बावजूद पति हेमेंद्र, सास, ससुर और ननद दहेज से संतुष्ट नहीं थे। पीड़िता का कहना है कि बच्चा न होने पर उसे बांझ कहकर ताने दिए जाते थे और मायके से दो लाख रुपये अतिरिक्त दहेज लाने का दबाव बनाया जाता था। मिथलेश का आरोप है कि 14 दिसंबर 2025 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे गाड़ी में डालकर गांव के बाहर स्कूल के पास ले जाकर छोड़ दिया। आरोपितों ने धमकी दी कि यदि दो लाख रुपये लेकर नहीं आई तो उसे जान से मार दिया जाएगा और दोबारा घर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। शोर सुनकर गांव के नत्थीलाल समेत अन्य लोगों ने उसकी मदद की। पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत देकर ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।











