Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 07 सितम्बर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में जनपद हाथरस में पंजीकृत श्रमिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनके आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के उद्देश्य से विभिन्न लेबर चौराहों पर स्वास्थ्य एवं आयुष्मान कार्ड शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वेद प्रकाश के निर्देशन में सोमवार को पंत चौराहा, सिकंदराराऊ स्थित लेबर चौराहे पर स्वास्थ्य एवं आयुष्मान कार्ड शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंजीकृत श्रमिकों के साथ-साथ मौके पर पहुंचे अन्य लोगों को भी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर के दौरान कुल 10 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जबकि 115 मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण कर उपचार किया गया। उपचारित मरीजों में से तीन मरीजों की सीबीसी जांच कराई गई तथा 15 मरीजों की शुगर जांच की गई। जांच के दौरान सात मरीजों में हल्का सामान्य बुखार पाया गया। चिकित्सकों द्वारा मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार आवश्यक परामर्श देने के साथ ही संबंधित दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार जनपद में श्रमिकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और पात्र श्रमिकों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विभिन्न लेबर अड्डों पर लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 8 सितंबर को जवाहर बाजार, सादाबाद में स्वास्थ्य एवं आयुष्मान कार्ड शिविर का आयोजन किया जाएगा, जहां श्रमिकों और अन्य पात्र लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा भी दी जाएगी। सिकंदराराऊ में आयोजित शिविर का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राज किशोर वर्मा की देखरेख में किया गया। शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. साबू खां, एलटी संतोष, एलटी दीपक तथा आयुष्मान मित्र अवनीश सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। स्वास्थ्य विभाग द्वारा श्रमिकों से अपील की गई है कि वे ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और पात्र होने पर अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं, ताकि उन्हें सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page