हाथरस 07 सितम्बर। रोटरी क्लब द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन सेकसरिया सुशीला देवी स्कूल के विशाल प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रोटरी क्लब के अध्यक्ष रो वीके शर्मा की अध्यक्षता में प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक हुआ। कार्यक्रम में शिक्षकों के योगदान को नमन करते हुए उनके सम्मान और शिक्षा के क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य अतिथि दिनेश सेकसरिया, स्कूल की प्रधानाचार्या एवं विशिष्ट अतिथि बबीता सेठ तथा रोटेरियंस द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात सरस्वती वंदना एवं रोटरी वंदना प्रस्तुत की गई। मंचासीन अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान देश के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन तथा देश की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे शिक्षक-शिक्षिकाओं को रोटरी क्लब की ओर से अंगवस्त्र, माल्यार्पण, मिष्ठान एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सरस्वती इंटर कॉलेज हाथरस के सुरेंद्र शर्मा, पीबीएएस इंटर कॉलेज हाथरस के मनोज शर्मा, सेकसरिया सुशीला देवी पब्लिक स्कूल के संजीव शर्मा एवं आशीष मोहम्मद, बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल की श्रीमती श्री मिश्रा, लॉर्ड कृष्णा स्कूल की लक्ष्मी शर्मा, आरसी गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या नीतू यादव, दूं पब्लिक स्कूल की रीटा शर्मा तथा सेंट फ्रांसिस स्कूल के श्री रंगेश शर्मा शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन रोटरी क्लब के उपाध्यक्ष रो. आरसी नरूला द्वारा किया गया। इस दौरान शिक्षकों के प्रति सम्मान और उनके सामाजिक योगदान को रेखांकित करते हुए कहा गया कि शिक्षक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं भविष्य का निर्माण होता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने रोटरी क्लब हाथरस द्वारा व्यवस्थित स्वल्पाहार का आनंद लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विजय कृष्ण गर्ग, राकेश बंसल, सुभाष गर्ग साड़ी वाले, ऋषि बंसल, अशोक जी के, गुलशन अरोरा, योगेंद्र मोहता, सतीश गोयल, विनय खंडेलवाल का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के सदस्यों एवं विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षक-शिक्षिकाओं की सहभागिता रही।















