
अलीगढ़ 07 सितम्बर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर प्रदेश सरकार एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में संचालित मिशन शक्ति अभियान के तहत अलीगढ़ परिक्षेत्र के चारों जनपदों के थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों की दक्षता परखने के लिए ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई। मिशन शक्ति केंद्रों की स्थापना 22 सितंबर 2025 को की गई थी। इन केंद्रों के कुशल संचालन तथा वहां तैनात अधिकारी-कर्मचारियों की कार्यकुशलता का मूल्यांकन करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति केंद्र की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर आधारित 75 प्रश्नों की ऑनलाइन परीक्षा कराई गई। प्रत्येक प्रश्न दो अंक का था और परीक्षा में अलीगढ़, एटा, हाथरस एवं कासगंज जनपदों के कुल 379 पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया। परीक्षा में जनपद अलीगढ़ के थाना मड़राक में तैनात महिला आरक्षी 1188 मोना शर्मा, पीएनओ 252020287 ने 130 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं जनपद एटा के थाना मारहरा में तैनात महिला आरक्षी आशा देवी, पीएनओ 252231359 ने 126 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जनपद एटा के थाना कोतवाली देहात में तैनात महिला आरक्षी 23 रितु रानी, पीएनओ 212231399 ने भी 126 अंक प्राप्त किए और तृतीय स्थान हासिल किया।
ऑनलाइन परीक्षा का मुख्य उद्देश्य थानों के मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को महिला केंद्रित शासकीय योजनाओं, विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों तथा महिला एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों के त्वरित और संवेदनशील निस्तारण की कार्यप्रणाली के प्रति दक्ष बनाना रहा। परीक्षा के माध्यम से यह भी परखा गया कि मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मी महिलाओं की सहायता के लिए उपलब्ध 1090, 112, 181 और 1098 जैसी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी और उनके प्रभावी उपयोग की प्रक्रिया से कितने परिचित हैं। अलीगढ़ परिक्षेत्र के सभी चारों जनपदों के थानों में तैनात मिशन शक्ति केंद्रों के पुलिसकर्मियों ने ऑनलाइन मूल्यांकन प्रक्रिया में शत-प्रतिशत और उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से आयोजित परीक्षा में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा गया। अधिकारियों के अनुसार इस प्रकार के डिजिटल मूल्यांकन से मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता को लगातार बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और महिला संबंधी शिकायतों एवं अपराधों के मामलों में पुलिस की कार्रवाई को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और त्वरित बनाया जा सकेगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों की उपलब्धि पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, अलीगढ़ परिक्षेत्र ने सराहना व्यक्त की। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को शीघ्र ही प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की ऑनलाइन परीक्षाओं और नियमित तकनीकी मूल्यांकनों से पुलिस बल में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। इससे जमीनी स्तर पर तैनात पुलिसकर्मियों का ज्ञान बढ़ने के साथ ही वे महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने में अधिक सक्षम, संवेदनशील तथा तत्पर बनते हैं। यही मिशन शक्ति केंद्रों की स्थापना के मूल उद्देश्य को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।













