
हाथरस 07 सितम्बर। सहारनपुर की घटना को लेकर पीड़ित परिवार और मस्जिद कमेटी के सदस्यों से मुलाकात करने जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय सहित कांग्रेस नेताओं को लखनऊ पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर कांग्रेस ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। कांग्रेस शहर अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने कहा कि सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से सहारनपुर के लिए रवाना होते ही पुलिस ने अजय राय को माल एवेन्यू चौराहे पर रोक लिया और उन्हें पुलिस लाइन ले गई। उनके साथ जा रहे कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को भी रोक दिया गया। योगेश कुमार ओके ने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर पुलिस ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को पीड़ित परिवार से मिलने से रोककर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया है। उन्होंने कहा कि किसी पीड़ित परिवार के दुख-दर्द में शामिल होना और उसकी बात सुनना लोकतंत्र में विपक्ष का संवैधानिक एवं मानवीय दायित्व है। उन्होंने पुलिस कार्रवाई को दमनकारी बताते हुए कहा कि अन्याय और पीड़ितों की आवाज उठाने से कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। उनका आरोप है कि सरकार के निर्देश पर पुलिस बल का इस्तेमाल कर कांग्रेस नेताओं को सहारनपुर जाने से रोका गया। योगेश कुमार ओके ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो विपक्षी नेताओं को पीड़ित परिवार से मिलने से क्यों रोका जा रहा है? उन्होंने कहा कि पीड़ितों की आवाज सुनने के बजाय कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। कांग्रेस शहर अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पुलिस की हिरासत, दबाव और दमन से कांग्रेस की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि पार्टी अन्याय के खिलाफ और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी।













