Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 सितम्बर । कोतवाली सदर क्षेत्र में बेटी की आत्महत्या के मामले में दर्ज मुकदमे को वापस लेने के लिए पीड़ित मां को धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित मां ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली सदर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग दर्ज कर लिया है। कोतवाली सदर क्षेत्र के मालिन गली, लखपती मोहल्ला निवासी रानी शर्मा पत्नी प्रदीप शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 दिसंबर 2025 को उनकी 19 वर्षीय बेटी कामिनी शर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। रानी शर्मा का आरोप है कि उनकी बेटी ने आवास विकास कॉलोनी निवासी आकाश की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर यह कदम उठाया था। इस मामले में थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

पीड़िता का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आकाश लगातार उन्हें धमका रहा है और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। तहरीर के अनुसार, 24 अगस्त को वह अपनी बहन के साथ बाजार जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में आकाश मिल गया और मुकदमा वापस लेने के लिए धमकी देने लगा। रानी शर्मा का आरोप है कि आरोपी ने मुकदमा वापस नहीं लेने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आसपास के लोगों के वहां आने पर आरोपी कथित रूप से धमकी देता हुआ मौके से चला गया। घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली सदर के प्रभारी निरीक्षक को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की। कोतवाल सत्येंद्र सिंह राघव ने बताया कि शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page