Hamara Hathras

Latest News

 

सादाबाद 04 सितम्बर। कस्बे में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है। जन्माष्टमी के दिन नगर के गली-मोहल्लों और बाजारों में जगह-जगह गंदगी के ढेर दिख रहे हैं। नाले-नालियों में कचरा जमा होने से बदबू फैल रही है रात में हुई बारिश के बाद कई जगहों पर नाले-नालियां जाम हो गए, जिससे पानी भर गया है। जन्माष्टमी के त्योहार पर नगर पंचायत में छुट्टी होने के बावजूद सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। महिला और पुरुष सफाई कर्मचारियों ने नगर पंचायत कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ नारे लगाए और हटाए गए कर्मचारियों को दोबारा काम पर रखने की मांग की। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कहा कि जब तक हटाए गए आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को वापस काम पर नहीं रखा जाता, तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी है कि मांग पूरी होने तक वे सफाई के काम पर नहीं लौटेंगे। सफाई व्यवस्था ठप होने से कस्बे के लोगों को परेशानी हो रही है। सड़कों पर गंदगी फैली है और नाले-नालियों में कचरा जमा होने से बदबू आ रही है। बारिश के कारण हालात और बिगड़ गए हैं। कई जगहों पर सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। जन्माष्टमी के मौके पर बाजारों और मंदिरों में बड़ी संख्या में लोग पहुंच सकते हैं। ऐसे में सफाई व्यवस्था खराब होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी हो सकती है। शहर के लोगों का कहना है कि प्रशासन को कर्मचारियों की मांग और सफाई व्यवस्था के बीच जल्द कोई हल निकालना चाहिए। इससे त्योहार के दौरान लोगों को गंदगी और पानी भरने की समस्या से राहत मिल सकेगी। इस मामले पर नगर पंचायत सादाबाद की अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल ने बताया कि त्योहार पर सफाई व्यवस्था ठप होने के कारण सफाई कर्मचारियों को बातचीत के लिए बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि इसका हल जरूर निकाला जाएगा और संभव है कि हड़ताल खत्म कराकर सफाई व्यवस्था ठीक कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page