
सादाबाद 04 सितम्बर। कस्बे की भगत सिंह कॉलोनी में देर रात विवाहिता की करंट लगने से मौत हो गई। 22 वर्षीय काजल अपने घर में पंखे का स्विच बंद कर रही थी, तभी वह बिजली के तार की चपेट में आ गई। परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, काजल पत्नी प्रिंस इन दिनों अपने मायके भगत सिंह कॉलोनी में रह रही थी। गुरुवार देर रात बारिश हो रही थी। इसी दौरान वह पंखे का स्विच बंद करने गई। बताया गया कि स्विच के पास ही एक तार से करंट उतर रहा था। जैसे ही काजल ने स्विच बंद करने की कोशिश की, वह करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजनों ने उसे संभाला और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद काजल को मृत घोषित कर दिया। काजल की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना की जानकारी मिलने पर हल्का लेखपाल सचिन गुप्ता मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने परिजनों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई। बारिश के दौरान घर में करंट उतरने से हुए इस हादसे को लेकर कॉलोनी के लोगों में भी चिंता बनी हुई है। परिजनों के अनुसार, यह हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। विवाहिता की मौत से मायके और ससुराल दोनों पक्षों में शोक की लहर है।







