Hamara Hathras

Latest News

सासनी 04 सितंबर। कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव भूतपुरा में 20 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव रहना निवासी 20 वर्षीय शालू की शादी करीब 11 महीने पहले गांव भूतपुरा निवासी रोहित के साथ हुई थी। बताया गया है कि रोहित मोटर मैकेनिक का काम करता है। शादी के बाद शालू ने एक बच्चे को जन्म दिया था, लेकिन नवजात की मौत हो गई थी।

बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात शालू की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटकने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर शालू के मायके पक्ष के लोग भी गांव भूतपुरा पहुंच गए। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उन्हें शालू की मौत की सूचना तक नहीं दी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर शालू को परेशान करते थे और इसी के चलते उसकी हत्या की गई है। वहीं, पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page