Hamara Hathras

Latest News

सासनी 04 सितंबर। कोतवाली सासनी क्षेत्र के गांव जरैय में गुरुवार शाम शादी वाले घर में लाइट और झालर की सजावट कर रहे 23 वर्षीय युवक की बिजली के करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव जरैय निवासी सुभाष का 23 वर्षीय पुत्र विनीत पेशेवर लाइट मैकेनिक था। गुरुवार शाम वह पड़ोस में रहने वाले अमर मोहम्मद की बेटी की शादी के सिलसिले में उनके घर पर लाइट और झालर लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान करीब रात आठ बजे अचानक वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में विनीत को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों द्वारा मौत की जानकारी दिए जाने पर परिजनों को पहले विश्वास नहीं हुआ और वे उम्मीद में विनीत को तत्काल अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां भी चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को वापस गांव ले आए। देर रात करीब 11:30 बजे विनीत का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बताया गया है कि विनीत अविवाहित था और तीन भाइयों एवं एक बहन में दूसरे नंबर का था। वह लाइट मैकेनिक के रूप में काम कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। जवान बेटे की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद से गांव में भी शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page