सादाबाद (सहपऊ) 04 सितंबर। कोतवाली पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जमीन का सौदा कर करीब 55 लाख रुपये लेने और बाद में बैनामा करने से इनकार करने के आरोप में एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मथुरा के ए-81 राधापुरम स्टेट निवासी ममता शर्मा पत्नी अवनीत कुमार शर्मा ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनकी मुलाकात रिश्ते के भाई दलवीर सिंह निवासी सिरिया की नगरिया, थाना जमुनापार, जनपद मथुरा से हुई थी। दलवीर सिंह ने उन्हें बताया कि पुनीत गौतम निवासी लालगढ़ी, थाना सादाबाद के माध्यम से जानकारी मिली है कि होशियार सिंह और उनकी पत्नी मालती देवी निवासी करैया अपनी करीब 32 बीघा जमीन बेच रहे हैं।
ममता शर्मा के अनुसार, वह अपने रिश्ते के भाई दलवीर सिंह, बिजेंद्र पाल सिंह और पुनीत गौतम के साथ 22 अप्रैल को ग्राम करैया पहुंचीं। वहां होशियार सिंह और उनकी पत्नी से जमीन का सौदा 9.20 लाख रुपये प्रति बीघा की दर से तय हुआ। उन्हें जमीन जैतई गांव के पास बताई गई थी। आरोप है कि जमीन का सौदा तय होने के बाद ममता शर्मा ने चार लाख रुपये दे दिए। इसके बाद अपने देवर नागेंद्र रावत के माध्यम से आठ लाख रुपये देकर स्टांप पर लिखा-पढ़ी करा ली। महिला का आरोप है कि इसके बाद अलग-अलग समय पर उसने करीब 55 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। ममता शर्मा के मुताबिक, जब वह 27 जुलाई को जमीन का बैनामा कराने के लिए आरोपियों के पास पहुंचीं तो उन्होंने बैनामा करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की गई तथा रुपये वापस मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने सुनील नामक व्यक्ति के साथ मिलकर उसके साथ धोखाधड़ी की है। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








