हाथरस 04 सितंबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू की गई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि प्रत्येक निर्वाचन से पूर्व चुनाव में उपयोग की जाने वाली EVM और VVPAT की जांच एवं परीक्षण संबंधित निर्माता कंपनी के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में कराया जाता है। प्रथम स्तरीय जांच में पूरी तरह सफल पाई जाने वाली EVM और VVPAT का ही निर्वाचन में उपयोग किया जाता है। उन्होंने बताया कि FLC की विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी ‘Manual on Electronic Voting Machine’ में निर्धारित है। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में उपयोग की जाने वाली EVM और VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच 02 सितंबर से 21 सितंबर तक जिला निर्वाचन कार्यालय, विकास भवन के पीछे, मथुरा रोड, हाथरस स्थित वेयरहाउस में बनाए गए FLC हॉल में की जाएगी। यह जांच इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL), हैदराबाद के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा की जा रही है। भारत निर्वाचन आयोग के मौजूदा दिशा-निर्देशों के अनुरूप FLC के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं जिला प्रशासन द्वारा पूरी कर ली गई हैं।
निर्वाचन आयोग के स्तर से भी होगी निगरानी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि EVM और VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच की प्रक्रिया की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी के साथ-साथ मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाती है। इससे FLC प्रक्रिया में पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों को भी 29 अगस्त को लिखित रूप से अनुरोध किया गया था कि वे FLC प्रक्रिया के अवलोकन के लिए अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को नामित करें। संबंधित राजनीतिक दलों के राज्य मुख्यालयों द्वारा अनुरोध पत्र की प्राप्ति की पुष्टि भी की जा चुकी है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।













