
सासनी 03 सितम्बर। सासनी कोतवाली क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर गांव वारसे के निकट बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेट्रोल भरवाने के कुछ ही देर बाद एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक से आग की लपटें उठती देख सवार घबरा गया और तत्काल बाइक रोककर नीचे उतर गया। समय रहते बाइक से उतरने के कारण वह गंभीर हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार सासनी क्षेत्र निवासी दीपू बाइक से आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर जा रहा था। गांव वारसे के निकट स्थित पेट्रोल पंप पर उसने बाइक में पेट्रोल भरवाया। बताया जा रहा है कि पेट्रोल भरवाते समय कुछ पेट्रोल बाइक के ऊपर गिर गया था। पेट्रोल भरवाने के बाद दीपू बाइक लेकर कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि अचानक बाइक में आग लग गई। चलती बाइक में आग की लपटें उठती देखकर दीपू ने तत्काल बाइक रोक दी और नीचे उतर गया। घटना की जानकारी होते ही हाईवे से गुजर रहे राहगीर भी मौके पर पहुंच गए। राहगीरों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बाइक पर मिट्टी और पानी डालना शुरू कर दिया। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बाइक में आग लगने से हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि आग विकराल रूप लेने से पहले बाइक सवार सुरक्षित नीचे उतर गया। हादसे में बाइक को नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पेट्रोल पंप पर वाहन में ईंधन भरवाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की, ताकि पेट्रोल गिरने जैसी स्थिति में किसी संभावित आगजनी की घटना को रोका जा सके।












