
हाथरस 01 सितम्बर। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव हाजीपुर में मंगलवार सुबह छत से गिरकर 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। गांव निवासी सुशीला देवी पत्नी सोरन सिंह सोमवार रात रोजाना की तरह घर की छत पर सोई थीं। मंगलवार सुबह नींद से जागने के बाद वह छत से नीचे उतर रही थीं। इसी दौरान अचानक नींद का झोंका आने से वह छत से नीचे गिर गईं। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन आनन-फानन में सुशीला देवी को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, कोतवाली मुरसान क्षेत्र के गांव कोरना में सोमवार रात 52 वर्षीय जफरूद्दीन पुत्र सदीक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, जफरूद्दीन को रात में अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने आशंका जताई कि जफरूद्दीन की मौत हार्ट अटैक के कारण हुई होगी। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित परिवारों में मातम का माहौल है।











