Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 01 सितम्बर। कासगंज रोड स्थित गांव पचों निवासी सुमन देवी पत्नी योगेश कुमार के साथ अगसौली जाने के दौरान बाइक सवार दो युवकों द्वारा लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाई को राखी बांधने मायके जिरौली गई थी। अगले दिन वह अपने भाई के साथ बाइक से रेलवे फाटक तक आई, जहां से ई-रिक्शा में बैठकर क्रीड़ा स्थल टेंपो स्टैंड पहुंची और अगसौली जाने के लिए टेंपो का इंतजार करने लगी। बताया गया है कि इसी दौरान किसी व्यक्ति ने सुमन देवी को बताया कि अगसौली जाने वाले टेंपो पंत चौराहे से मिलेंगे। इसी बीच बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और महिला से अगसौली जाने की बात कहते हुए उसे अपनी बाइक पर बैठा लिया। महिला के अनुसार दोनों युवक उसे लेकर अगसौली की ओर चल दिए। अगसौली चौराहे से पहले बाइक सवार युवकों ने अचानक बाइक रोक दी और महिला के पास रखा बैग छीन लिया। पीड़िता के मुताबिक बैग में सोने की कान की झुमकी, सोने की दो अंगूठियां और चार हजार रुपये की नकदी रखी हुई थी। बैग छीनने के बाद महिला ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन इससे पहले ही दोनों आरोपी बाइक मोड़कर सिकंदराराऊ की तरफ फरार हो गए। घटना के बाद महिला ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई तथा लूटे गए सामान की बरामदगी की गुहार लगाई है। घटना के बाद पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। बाइक सवार युवकों द्वारा महिला को रास्ते में बैठाकर ले जाने और सुनसान स्थान के पास बैग छीनकर फरार होने की घटना से क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल है। अब पुलिस के सामने आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने और महिला से छीने गए जेवर व नकदी बरामद करने की चुनौती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page