
हाथरस 31 अगस्त। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षा ऋतु के चलते जलभराव की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या को लेकर लगातार विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हो रही शिकायतों के दृष्टिगत यह व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से कंट्रोल रूम का संपर्क नंबर 05722-297065 जारी किया गया है। ग्रामीण क्षेत्र में कहीं भी जलभराव की समस्या होने पर लोग इस नंबर पर संपर्क कर समस्या का पूरा विवरण दर्ज करा सकते हैं, ताकि संबंधित अधिकारियों के माध्यम से जल्द समस्या का निस्तारण कराया जा सके। जनपद स्तर से सभी विकास खंडों के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं सचिव ग्राम पंचायतों को भी आवंटित ग्राम पंचायतों में जलभराव की स्थिति होने पर शीघ्र कार्रवाई कर समस्या का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि जलभराव की समस्या होने पर कंट्रोल रूम के नंबर पर सूचना देकर प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई में सहयोग करें।













