हाथरस (मुरसान) 29 अगस्त । कस्बा पुरानी रंजिश को लेकर शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। एक पक्ष ने लाठी-डंडे, सरिया और धारदार हथियारों से हमला करने तथा तमंचे से फायरिंग किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मुरसान निवासी विपिन शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना के समय वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान बाहर से शोरगुल सुनाई दिया। बाहर निकलकर देखा तो उसके भाई भानू प्रताप शर्मा, भाभी नूतन शर्मा और नीतेश शर्मा के साथ कई लोग मारपीट कर रहे थे। आरोप है कि हमलावरों ने तीनों को जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से पीटा।
विपिन के मुताबिक, जब उसने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो दीपक शर्मा ने तमंचे से उस पर फायर कर दिया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और उसके भाई भानू प्रताप तथा नीतेश शर्मा के सिर पर धारदार हथियार से कई वार किए। हमले में दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल भानू प्रताप शर्मा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। साथ ही मोबाइल फोन ले जाने का भी आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












