
हाथरस 29 अगस्त । 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की साधारण बसों में मुफ्त यात्रा के लिए अब स्मार्ट कार्ड का इंतजार नहीं करना होगा। लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति यात्रा योजना के तहत पात्र महिलाएं आधार कार्ड या वोटर आईडी में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर योजना का लाभ उठा सकेंगी। यह सुविधा 28 अगस्त से लागू कर दी गई है। योजना के तहत यात्रा करने वाली महिला यात्री को बस में सफर के दौरान परिचालक को अपना आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखाना होगा। दस्तावेज में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर परिचालक महिला की उम्र की पुष्टि करेगा। पात्र पाए जाने पर ईटीआईएम मशीन से शून्य मूल्य का टिकट जारी किया जाएगा। इसके लिए महिला यात्री से किसी भी प्रकार का किराया नहीं लिया जाएगा। शून्य मूल्य के टिकट में बस संख्या, यात्रा शुरू करने का स्थान, गंतव्य सहित यात्रा से जुड़ी अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज होगी। यह सुविधा उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की अपनी और अनुबंधित दोनों प्रकार की साधारण बसों में उपलब्ध रहेगी।
हर मुफ्त यात्रा का टिकट जारी करना अनिवार्य
परिवहन निगम ने स्पष्ट किया है कि योजना के तहत होने वाली प्रत्येक मुफ्त यात्रा के लिए शून्य मूल्य का टिकट जारी करना अनिवार्य होगा। इससे यात्राओं का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होगा। यह रिकॉर्ड एमआईएस और क्लाउड आधारित डाटा सर्वर पर सुरक्षित रखा जाएगा, जिससे योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ-साथ यात्रा के आंकड़ों की निगरानी भी की जा सकेगी।
स्मार्ट कार्ड बाद में होगा जारी
परिवहन निगम पात्र महिलाओं के लिए विशेष स्मार्ट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया भी अलग से शुरू करेगा। हालांकि, फिलहाल स्मार्ट कार्ड अनिवार्य नहीं है। यानी पात्र महिलाएं केवल आधार कार्ड या वोटर आईडी में दर्ज जन्मतिथि के आधार पर मुफ्त यात्रा कर सकती हैं। निगम ने परिचालकों को योजना की पूरी जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। पात्र महिला यात्री से किराया मांगने या वसूलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। योजना की नियमित निगरानी क्षेत्रीय अधिकारियों और डिपो प्रभारियों द्वारा की जाएगी।












