हाथरस 29 अगस्त । श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा (रजिस्टर्ड), हाथरस के प्रतिनिधिमंडल ने सभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा फौजी के नेतृत्व में जिलाधिकारी एवं मेला रिसीवर अतुल वत्स ATUL VAST को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि हाथरस में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक दाऊजी महाराज मेले का शुभारंभ श्री वेद भगवान की शोभायात्रा निकलने के बाद ही होता है। यह परंपरा मेला शुरू होने के समय से ही चली आ रही है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस वर्ष श्री वेद भगवान की शोभायात्रा गणेश चतुर्थी के अवसर पर 14 सितंबर को तथा देव छठ 17 सितंबर को मनाई जाएगी। इस दौरान श्री वेद भगवान में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तिथि एवं कार्यक्रमवार जानकारी से संबंधित पत्र भी जिलाधिकारी को सौंपा गया।
ज्ञापन देने के बाद मंत्रोच्चारण के साथ जिलाधिकारी अतुल वत्स का श्री वेद भगवान की प्रसादी के रूप में पटका पहनाकर स्वागत किया गया। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से श्री वेद भगवान के सभी कार्यक्रमों में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रशासन की ओर से दी जाने वाली धनराशि के संबंध में भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व महोत्सव सभापति शौर्य शर्मा सर्राफ, आचार्य बागीस दत्त गौड़, आचार्य मनोज द्विवेदी, पं. जयशंकर पाराशर, श्री भंवर सिंह पोरुस (पूर्व बीएसए), बृजेश वशिष्ठ (अध्यक्ष, शिक्षामित्र) तथा पं. हेमेंद्र कुमार शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में “श्री वेद भगवान की जय” और “दाऊजी महाराज की जय” के जयघोष के साथ ज्ञापन कार्यक्रम संपन्न हुआ।













