हाथरस 29 अगस्त । बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की मासिक समीक्षा बैठक के अंतर्गत जिला पोषण समिति एवं जिला निगरानी समिति की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पोषण योजनाओं, संभव अभियान, पोषण ट्रैकर एप, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संभव अभियान की समीक्षा करते हुए अभियान के सभी निर्धारित मानकों पर गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य करते हुए अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए, ताकि योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।
पोषण ट्रैकर एप की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के माध्यम से सभी निर्धारित मानकों से संबंधित डाटा की फीडिंग गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही परियोजना स्तर पर इसकी दैनिक समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग तथा खंड विकास अधिकारियों/क्षेत्र पंचायतों को लंबे समय से लंबित आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्य को यथाशीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने, साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा कार्यदायी संस्था के साथ नियमित साप्ताहिक बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना की भी समीक्षा की गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जनपद द्वारा योजना का मासिक लक्ष्य निर्धारित समय से पूर्व ही प्राप्त कर लिया गया है तथा जनपद प्रदेश के शीर्ष 10 जिलों में शामिल है। इस उपलब्धि पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए पात्र महिलाओं के फॉर्म भराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, समस्त खंड विकास अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं संबंधित स्टाफ मौजूद रहा।













