
हाथरस 29 अगस्त । देश के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में इन्फ्लूएन्जा-ए (H1N1) के रोगियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए हाथरस स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी की निगरानी, संदिग्ध मरीजों की समयबद्ध पहचान, शीघ्र उपचार और संक्रमण की रोकथाम के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 29 अगस्त को मुख्य चिकित्साधिकारी हाथरस डॉ. वेद प्रकाश की अध्यक्षता में H1N1 की रोकथाम, नियंत्रण एवं उपचार को लेकर वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर पर संचालित प्रत्येक चिकित्सालय में H1N1 के संदिग्ध एवं पुष्ट मरीजों के लिए कम से कम 4 बेड आरक्षित रखे जाएं। इसके साथ ही अस्पतालों में ऑक्सीजन, आवश्यक दवाएं, PPE किट, मास्क, सैनिटाइजर और अन्य जरूरी लॉजिस्टिक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। सभी चिकित्सालयों में Fever, ILI और SARI मरीजों के लिए अलग रजिस्टर बनाए जाएंगे। इनमें मरीजों से संबंधित आवश्यक जानकारी नियमित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रत्येक विकासखंड में Rapid Response Team (RRT) का तत्काल गठन करने के निर्देश दिए हैं। ये टीमें श्रेणी-B के मरीजों के उपचार, होम आइसोलेशन से संबंधित सलाह और मरीजों के नियमित फॉलोअप की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगी। इसके अलावा चिकित्सालयों में 24×7 कंट्रोल रूम संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। H1N1 से संबंधित सूचना प्राप्त होते ही संबंधित RRT को सक्रिय किया जाएगा। MDTB चिकित्सालय में अलग से 24×7 वार्ड स्थापित कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिए हैं कि गंभीर मरीजों को बिना किसी विलंब के MDTB चिकित्सालय रेफर किया जाए। आवश्यकता के अनुसार जांच टीम द्वारा RT-PCR जांच एवं विशेषज्ञ उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने मास्क के इस्तेमाल, हाथों की स्वच्छता, सोशल डिस्टेंसिंग और संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान भी चलाया जाएगा। लोगों को खांसी या छींकते समय मुंह और नाक ढकने, नियमित रूप से हाथ साफ रखने, भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचने और लक्षण दिखाई देने पर समय से चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वर्चुअल बैठक में डॉ. सूर्य प्रकाश, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय; डॉ. डीएम सक्सेना, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला महिला चिकित्सालय; डॉ. आरएन सिंह, जिला सर्विलांस अधिकारी; डॉ. मौ. इन्तेखाब आलम, उप मुख्य चिकित्साधिकारी; डॉ. प्रवीण कुमार भारती, जिला क्षय रोग अधिकारी; श्री बलवीर वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक; डॉ. पवन कुमार, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट; समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि H1N1 की स्थिति पर लगातार निगरानी रखते हुए संदिग्ध मरीजों की समयबद्ध पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जाए, ताकि संक्रमण के प्रसार को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।













