हाथरस 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय में महान हॉकी खिलाड़ी एवं “हॉकी के जादूगर” मेजर ध्यानचंद को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में कैरम, शतरंज एवं निशानेबाजी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं प्रातः क्षेत्रीय कार्यालय से बागला इंटर कॉलेज के खेल मैदान तक दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें बैंक के अनेक कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। आयोजित सभा को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। खेलों से व्यक्ति का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। इसके साथ ही तनाव कम होने, कार्यक्षमता बढ़ने और सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होती है। उन्होंने बैंक कर्मचारियों से नियमित रूप से खेल एवं व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के अद्वितीय खेल जीवन को भी याद किया गया। वर्ष 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम द्वारा जीते गए स्वर्ण पदकों में ध्यानचंद महत्वपूर्ण भूमिका में रहे। वर्ष 1936 के बर्लिन ओलंपिक में उन्होंने भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी भी की थी। उनकी असाधारण ड्रिब्लिंग, गेंद पर नियंत्रण और गोल करने की कला ने उन्हें विश्व हॉकी का महानायक बना दिया। वर्ष 1956 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उनके जन्मदिवस 29 अगस्त को देशभर में राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम में बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में प्रतिभाग करते हुए खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारी नीरज उपाध्याय ने सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।













