Hamara Hathras

Latest News

sports Academy 2026 flex – 1

हाथरस 29 अगस्त । हॉकी के विश्व प्रसिद्ध जादूगर एवं महान खिलाड़ी स्वर्गीय मेजर ध्यान चंद के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, हाथरस द्वारा हॉकी एवं बैडमिन्टन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह ने स्वर्गीय मेजर ध्यान चंद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं बैडमिन्टन खेलकर किया। कार्यक्रम के दौरान काशी नरेश यादव ने मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह एवं विशिष्ट अतिथि राजेश सिंह उर्फ गुड्डू, मा. सांसद प्रतिनिधि, का बुके भेंट कर स्वागत किया। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी गौरव कुमार ने अतिथियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं अतिथियों द्वारा फिट इंडिया की शपथ भी ग्रहण की गई।

इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, उप क्रीड़ा अधिकारी एवं सांसद प्रतिनिधि द्वारा अंतरराष्ट्रीय धावक मोहन सिंह आर्य को सम्मानित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, शारीरिक क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास एवं मेहनत के माध्यम से जनपद का नाम प्रदेश एवं देश स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया।

हॉकी प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स क्लब, सासनी एवं स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स क्लब, सासनी ने स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस को 1-0 के अंतर से पराजित कर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस की टीम उपविजेता रही। हॉकी प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायक के रूप में दीपक सिंह, विशाल भारद्वाज, संजय सांगर, सचिन कुमार शर्मा, नवनीत कुमार, उपवन गुप्ता, मुलायम सिंह, होमेश्वर शर्मा, मनोज एवं सुनील ने अपना योगदान दिया।

बैडमिन्टन प्रतियोगिता में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-17 बालक एकल वर्ग में प्रथम स्थान प्रबल सिंह, द्वितीय वीर सोलांकी तथा तृतीय स्थान अमन एवं वशिष्ठ ने प्राप्त किया। अंडर-17 बालिका एकल वर्ग में प्रथम सोम्या, द्वितीय लेखांशु तथा तृतीय सभ्यता एवं प्रिया रहीं। अंडर-15 बालक एकल वर्ग में प्रथम रोहित, द्वितीय आदर्श तथा तृतीय गुलशन एवं आदित्य रहे। अंडर-15 बालिका एकल वर्ग में प्रथम सभ्यता, द्वितीय प्रिया तथा तृतीय गौरी एवं अंजली रहीं।

अंडर-17 बालक युगल वर्ग में अमन एवं हार्दिक ने प्रथम, वीर एवं कुशाग्र ने द्वितीय तथा यानिक-अदम्य एवं आदित्य-प्रबल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 बालिका युगल वर्ग में लेखांशु एवं सोम्या प्रथम, भव्यता एवं प्रिया द्वितीय तथा अंजली-लवली एवं इशानी-शविझा तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर-17 मिश्रित युगल वर्ग में लेखांशु एवं कुशाग्र ने प्रथम, वीर एवं सोम्या ने द्वितीय तथा प्रिया-अमन एवं भव्यता-हार्दिक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालक युगल वर्ग में प्रबल एवं श्रीयांश ने प्रथम, निशान्त एवं कुशाग्र ने द्वितीय तथा वीर-आदित्य एवं अमन-हार्दिक ने तृतीय स्थान हासिल किया।

बैडमिन्टन प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायक के रूप में नकुल सिंघल, श्रियंश सिंघल, कार्तिक वर्मा, राजेन्द्र कुमार शर्मा, श्रीमती हरीश शर्मा, श्रीमती सीमा सांगर, असलम खॉ एवं श्रीमती सुमन ठाकुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह एवं सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह उर्फ गुड्डू द्वारा विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्टेडियम के प्रशिक्षक अंसार हुसैन, श्रीमती सुजी यादव एवं श्रीमती वर्षा रानी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page