
हाथरस 28 अगस्त । कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और भाई-बहन के प्रेम के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की, वहीं भाइयों ने भी बहनों की सुरक्षा का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए। रक्षाबंधन को लेकर सुबह से ही कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में चहल-पहल दिखाई दी। बहनें अपने भाइयों के घर राखी बांधने पहुंचती रहीं। वहीं जो विवाहित बहनें किसी कारण अपने भाइयों के घर नहीं आ सकीं, उनके भाई स्वयं उनके गांव पहुंचे और राखी बंधवाकर वापस लौटे। कई बहनें अपने निजी वाहनों से सुबह ही भाइयों के घर पहुंच गईं। पर्व के चलते सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर भी खासा दबाव दिखाई दिया। बसों के अलावा ई-रिक्शा और टेंपो भी यात्रियों से खचाखच भरे नजर आए। यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए पुलिस भी सड़कों पर लगातार गश्त करती रही, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। रक्षाबंधन पर सहपऊ कोतवाली में भी भाई-बहन के प्रेम का खास नजारा देखने को मिला। कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी की बहन एवं वर्तमान में हाथरस महिला थाना प्रभारी रितु तोमर अपने भाई को राखी बांधने सहपऊ कोतवाली पहुंचीं। रितु तोमर ने कोतवाली परिसर में ही अपने भाई मयंक चौधरी की कलाई पर राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र एवं सुख-समृद्धि की कामना की। इस आत्मीय पल ने पुलिसकर्मियों के बीच भी रक्षाबंधन की खुशियां बिखेर दीं। भाई-बहन के इस स्नेहपूर्ण दृश्य ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।












