Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 अगस्त । आगामी त्योहारी सीजन के बीच शहर के सराफा बाजार, नयागंज और प्रमुख किराना मंडियों में चीनी के दामों में नरमी देखने को मिल रही है। थोक बाजार में चीनी के भाव गिरकर करीब 58 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं, जबकि फुटकर बाजार में अभी औसतन 62 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी बिक रही है।

हालांकि शहर की अंदरूनी गलियों और छोटे किराना दुकानदारों के यहां ग्राहकों को अभी भी पुरानी कीमतों का सामना करना पड़ रहा है। कारोबारियों के पास पहले खरीदा गया महंगा स्टॉक होने के कारण कुछ दुकानदार चीनी के लिए 64 रुपये प्रति किलो तक वसूल रहे हैं। वहीं शहर के बड़े किराना व्यापारियों के यहां चीनी की कीमत 60 रुपये प्रति किलो से शुरू हो रही है। शहर में संचालित सुपर मार्केट और ग्रॉसरी स्टोर्स पर चीनी करीब 62 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध है। त्योहारी मांग को देखते हुए इन स्टोर्स पर ग्राहकों के लिए 50 किलो तक के कट्टे भी आसानी से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ऑनलाइन खरीदारी करने वाले उपभोक्ताओं को भी चीनी की कीमतों में राहत मिल रही है। ऑनलाइन डिलीवरी एप और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर पांच-पांच किलो के पैकेट आसानी से उपलब्ध हैं, जिससे लोग अपनी जरूरत के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। एक किराना कारोबारी ने बताया कि आने वाले दिनों में यदि चीनी की आपूर्ति सुचारू रहती है तो दाम और स्थिर हो सकते हैं। वहीं कारोबारी श्याम का कहना है कि फिलहाल चीनी के भाव में उतार-चढ़ाव जारी है। जिस रेट पर माल उपलब्ध हो रहा है, उसी के हिसाब से उसकी बिक्री की जा रही है। त्योहारी सीजन में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ चीनी की खपत बढ़ने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में बाजार में इसकी कीमतों पर सभी की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page