हाथरस 28 अगस्त । श्री दाऊजी महाराज किला स्थित श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा रजिस्टर्ड, हाथरस के सानिध्य में शुक्रवार को विश्व शांति, आपसी सद्भावना, भाईचारे और ग्रह शांति की कामना को लेकर श्री विष्णु यज्ञ का आयोजन किया गया। श्रावण मास शुक्ल पक्ष पूर्णिमा, संवत 2083 तदनुसार 28 अगस्त को आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
श्री वेद भगवान शिविर में यज्ञ कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान के साथ भगवान गणेश की स्थापना से हुआ। इसके बाद ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद और अथर्ववेद की मंत्रोच्चार के साथ चारों वेदों की चार कलशों में स्थापना की गई। कलशों को अंगवस्त्र और फूल मालाओं से सजाया गया। वहीं श्री वेद भगवान के चित्रपटों को भी फूल मालाओं से सुशोभित किया गया और कार्यक्रम में पहुंचे भक्तजनों का यथायोग्य स्वागत किया गया। आचार्य बागीषदत्त गौड़ एवं श्री वेद भगवान के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा के सानिध्य में मुख्य यजमान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी को श्री वेद भगवान के प्रसाद स्वरूप पीत पटिका पहनाकर सम्मानित किया गया।
यज्ञ में पं. जयशंकर पाराशर बबलू, पं. आदित्य स्वरूप शर्मा और पं. देव स्वरूप शर्मा सहित अन्य विद्वानों ने सहभागिता की। इस दौरान लक्ष्मी नारायण जी की पूजा-अर्चना भी की गई। धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत 1101 आहुति श्री विष्णु यज्ञ, 111 आहुति गायत्री मंत्र तथा 701 आहुति लक्ष्मी नारायण विष्णु यज्ञ की पूर्णाहुति कराई गई। पूर्णाहुति के साथ विष्णु यज्ञ विधि-विधान से संपन्न हुआ। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में पं. जयशंकर पाराशर और पं. सत्येंद्र स्वरूप शर्मा का विशेष योगदान रहा।
यज्ञ संपन्न होने के दौरान श्री वेद भगवान और श्री लक्ष्मी नारायण भगवान के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने ‘धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो’, ‘प्राणियों में सद्भावना हो’, ‘विश्व का कल्याण हो’, ‘गौ माता की जय’, ‘भारत माता की जय’, ‘बलदेव बाबा की जय’, ‘रेवती मैया की जय’ और सभी देवी-देवताओं के जयकारे लगाए। इसके साथ ही ‘पार्वती पतये हर हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। अंत में सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया, जिसके बाद श्री विष्णु यज्ञ आयोजन का विधिवत समापन हुआ।











