
हाथरस 28 अगस्त । मथुरा रोड स्थित कलेक्ट्रेट के पास कल गुरुवार रात डीएसओ की सरकारी गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर मजदूरी के सिलसिले में हाथरस आ रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक मजदूर को आगरा रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव कथरिया निवासी बनवारी लाल, रामप्रसाद और रामगोपालमजदूरी करते हैं। गुरुवार रात तीनों बाइक से हाथरस आ रहे थे। कलेक्ट्रेट के पास मथुरा रोड पर पीछे से आ रही डीएसओ विकास गौतम की सरकारी गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां रामप्रसाद पुत्र डालचंद की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। आगरा ले जाते समय मध्यरात्रि में रास्ते में उनकी मौत हो गई।
रामप्रसाद की मौत के बाद परिजन शव को वापस लेकर आए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में घायल बनवारी लाल और रामगोपाल का उपचार कराया जा रहा है। वहीं, डीएसओ विकास गौतम ने बताया कि हादसे के समय वह सरकारी गाड़ी में मौजूद नहीं थे। उनका चालक गाड़ी लेकर घर जा रहा था। उनके अनुसार, मोड़ते समय बाइक सवार सरकारी गाड़ी से टकरा गए। हादसे के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बताया गया है कि मृतक रामप्रसाद मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके पीछे छह संतानें हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।













