Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद  (सहपऊ) 28 अगस्त । नौकरी लगवाने का झांसा देकर युवकों से आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो और फिंगरप्रिंट लेकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाने तथा उन खातों में साइबर फ्रॉड की रकम मंगाकर निकालने का मामला सामने आया है। गांव नगला सेवा निवासी दीपक कुमार की शिकायत पर सहपऊ कोतवाली पुलिस ने छह युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दीपक कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कस्बा सहपऊ के मोहल्ला शुक्लयाना निवासी अनंत कौशिक उसके साथ कक्षा 12 में पढ़ता था। कुछ समय पहले वह उसे बाजार में मिला और नौकरी लगवाने की बात कही। अनंत ने बताया कि नौकरी से उसे 35 से 40 हजार रुपये तक मिलते हैं और कंपनी की ओर से उसे भी एक टारगेट मिला है। उसने दीपक से भी नौकरी करने के लिए कहा। दीपक के अनुसार, फरवरी माह में अनंत कौशिक के साथ कस्बा निवासी प्रतीक शर्मा, प्रसून, नगला सुखराम निवासी हर्ष शर्मा और गौरव शर्मा तथा गांव ढकपुरा निवासी निशांत उसके घर पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने नौकरी लगवाने के नाम पर उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो लिए तथा फिंगर मशीन से उसके फिंगरप्रिंट भी लिए। इसके बाद उसे बताया गया कि नौकरी का रजिस्ट्रेशन हो गया है और आगे की सूचना मिलने पर उसे बता दिया जाएगा। दीपक ने बताया कि इसी तरह गांव के जितेंद्र, मोहनवीर और शिवम के आधार कार्ड, पैन कार्ड, फोटो और फिंगरप्रिंट भी लिए गए। उन्हें भी नौकरी के रजिस्ट्रेशन की बात कहकर भरोसा दिलाया गया। इसके बाद सभी लोग नौकरी मिलने का इंतजार करते रहे। 11 अगस्त को सामने आया साइबर फ्रॉड का मामला मामले का खुलासा तब हुआ जब साइबर क्राइम थाना जोधपुर से मोहनवीर और जितेंद्र के पास नोटिस पहुंचा। नोटिस में बताया गया कि उनके बैंक खातों में फ्रॉड की रकम आई है। इसके बाद उन्हें पता चला कि कथित तौर पर उनके दस्तावेजों और बायोमेट्रिक का इस्तेमाल कर डीसीबी बैंक में खाते खुलवाए गए थे। आरोप है कि इन खातों में बड़ी मात्रा में साइबर फ्रॉड की रकम आई और बाद में उसे निकाल लिया गया। पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा सीओ जेएन अस्थाना के अनुसार, इस मामले में सहपऊ कोतवाली पुलिस प्रतीक शर्मा, प्रसून और अनंत कौशिक के खिलाफ पहले ही एक मुकदमा दर्ज कर चुकी है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। पूरे प्रकरण की जांच जारी है। सीओ ने लोगों से अपील की है कि यदि क्षेत्र में किसी अन्य व्यक्ति के साथ भी नौकरी लगवाने के नाम पर दस्तावेज या फिंगरप्रिंट लेकर इसी तरह की धोखाधड़ी हुई है तो वह सहपऊ कोतवाली में प्रार्थना पत्र दे। इससे इस पूरे गिरोह का पता लगाने में पुलिस को मदद मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page