
हाथरस 27 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर सेंट जॉन्स स्कूल, मोहन गंज में कक्षा एक के विद्यार्थियों के लिए क्ले मॉडलिंग, आर्ट एवं शो एंड टेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और हाथों के कौशल को विकसित करना रहा। प्रतियोगिता में नन्हे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रंग-बिरंगी मिट्टी का प्रयोग करते हुए बच्चों ने पर्यावरण, कार्टून, जीव-जंतु एवं विभिन्न सुंदर कलाकृतियों के आकर्षक मॉडल तैयार किए। बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडलों में उनकी रचनात्मक सोच, कला के प्रति रुचि और मेहनत स्पष्ट दिखाई दी। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुचेता जॉन ने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान जनार्दन एवं आराध्या सिसोदिया, द्वितीय स्थान शानवि एवं उमर तथा तृतीय स्थान सारांश गोयल एवं प्रानवि ने प्राप्त किया। इस अवसर पर मेघना, विनीता, रिया जैन, मीरा, पायल, रितिका, शीतल सहित विद्यालय की अन्य शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।