Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 26 अगस्त। सदर कोतवाली क्षेत्र के मधुगढ़ी में 70 वर्षीय वृद्धा की मौत के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतका के बेटे ने दोनों पर कर्ज की रकम मांगने के दौरान मारपीट करने और बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां को धक्का देने का आरोप लगाया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वृद्धा की मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मधुगढ़ी निवासी 70 वर्षीय अख्तरी बेगम की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मृत्यु हो गई थी। घटना के बाद मृतका के बेटे दानिश ने मधुगढ़ी निवासी गुलफाम और उसके बेटे रहीम के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। दानिश ने दोनों पर अपनी मां की मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया।

दानिश के अनुसार गुलफाम पर उसके 1.76 लाख रुपये का कर्ज था। आरोप है कि रविवार को गुलफाम अपने बेटे रहीम के साथ रुपये का तकादा करने उसके घर पहुंचा था। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया और कथित रूप से मारपीट शुरू हो गई। दानिश का आरोप है कि जब उसकी मां अख्तरी बेगम बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उन्हें धक्का लग गया, जिसके बाद वह अचेत होकर गिर पड़ीं। परिजन आनन-फानन में वृद्धा को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया गया। मामले में सदर कोतवाली प्रभारी सतेंद्र सिंह राघव ने बताया कि मृतका के बेटे की तहरीर के आधार पर गुलफाम और उसके बेटे रहीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नामजद आरोपितों की तलाश की जा रही है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page