
हाथरस 26 अगस्त। कांशीराम कॉलोनी निवासी एक युवती द्वारा मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाने और कॉलोनी के ही एक युवक से हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किए जाने का मामला चर्चा में आ गया है। विवाह से संबंधित फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया। दोनों ने युवती के परिजनों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस-प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। बताया जा रहा है कि युवती और युवक एक-दूसरे को काफी समय से जानते हैं। दोनों ने आपसी सहमति से विवाह करने का निर्णय लिया। युवती के अनुसार उसने अपनी इच्छा से मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपनाया और इसके बाद विजय के साथ हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह किया। विवाह के दौरान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
युवती का आरोप है कि विवाह के बाद उसके परिजनों की ओर से दोनों को धमकियां दी जा रही हैं। इसके चलते वह और उसका पति भयभीत हैं। दोनों ने अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। युवती ने शपथ पत्र देकर अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन करने तथा विजय के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करने की बात कही है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। अभी युवती और युवक सीधे पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं हुए हैं। पुलिस द्वारा यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों बालिग हैं या नहीं। अधिकारियों के अनुसार यदि दोनों बालिग पाए जाते हैं तो नियमानुसार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और दोनों की उम्र तथा विवाह से संबंधित अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल फोटो और वीडियो को लेकर भी पुलिस द्वारा जानकारी की जा रही है।










