Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 26 अगस्त। तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का आलू किसानों की समस्याओं को लेकर चल रहा धरना रात अधिकारियों के पहुंचने के बाद भी समाप्त नहीं हुआ। 16 दिनों से जारी इस प्रदर्शन के बाद मंगलवार रात करीब 9:30 बजे एसडीएम रितु सिरोही और तहसीलदार धरना स्थल पर पहुंचे और किसान नेताओं से वार्ता की। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, धरना जारी रहेगा। वार्ता के दौरान भाकियू टिकैत के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा ने आलू किसानों की खराब आर्थिक स्थिति का हवाला दिया। उन्होंने कोल्ड स्टोरेज का भाड़ा समाप्त करने, किसानों का बैंक कर्ज माफ करने और आलू का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 16 रुपये प्रति किलो निर्धारित करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, फार्मर रजिस्ट्री की व्यवस्था समाप्त करने की भी मांग रखी गई। एसडीएम रितु सिरोही ने किसानों को धरना समाप्त करने का आश्वासन दिया और कहा कि कोल्ड स्टोरेज संचालकों के साथ तहसील परिसर में बैठक कर उनकी समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। इस पर किसान नेताओं ने दो दिन तक धरना जारी रखने की बात कही। उन्होंने मांग की कि गुरुवार को किसानों की मौजूदगी में कोल्ड स्टोरेज संचालकों के साथ वार्ता कराई जाए और अन्य मांगों को भी उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाए। किसान नेताओं ने अधिकारियों को दो दिन का समय देते हुए कहा कि इस अवधि में उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि मांगों का समाधान होने तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद किसान रात भर धरना स्थल पर डटे रहे। किसानों ने बताया कि आलू की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि बाजार में उन्हें फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान करने की अपील की। धरना प्रदर्शन में आगरा और अलीगढ़ मंडल के किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page