हाथरस 26 अगस्त। सावन मास के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु/विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी में 25 अगस्त को भव्य कांवड़ यात्रा एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय के भैया-बहिनों ने भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों के साथ घोष वादन की मंगलध्वनि के बीच श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक कांवड़ यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती, रामदरबार, भगवान श्रीकृष्ण एवं नारद जी के स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। धार्मिक स्वरूपों से सजी यात्रा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कांवड़ यात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर लेबर कॉलोनी, मुख्य अलीगढ़ रोड होते हुए एलआईसी बिल्डिंग से कैलाश मंदिर तक पहुंची। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मार्ग के दोनों ओर मौजूद रहे और उन्होंने पुष्पवर्षा कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। घोष की मंगलध्वनि और भगवान शिव के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया। कैलाश मंदिर पहुंचने के बाद विद्यालय के भैया-बहिनों ने विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इसके पश्चात मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय में कांवड़ यात्रा के साथ-साथ राखी बनाओ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए आकर्षक एवं कलात्मक राखियां तैयार कीं। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में रचनात्मकता के विकास के साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और भाई-बहन के पवित्र प्रेम की भावना को मजबूत करना रहा। प्रतियोगिता को जूनियर एवं सीनियर वर्ग में आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जूनियर वर्ग में गौरवी चौधरी ने प्रथम, काव्या उपाध्याय ने द्वितीय, नव्या शर्मा ने तृतीय तथा शिवानी ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में तनवी ने प्रथम, सानवी ने द्वितीय, गरिमा ने तृतीय तथा नीशू ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं की प्रतिभा की विद्यालय परिवार की ओर से सराहना की गई। कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक मनोज अग्निहोत्री, प्रधानाचार्य लोकेन्द्र नाथ शर्मा, उप प्रधानाचार्य सतीश कुमार सारस्वत, प्रभारी मनोज पाण्डेय सहित विद्यालय के आचार्यगण उपस्थित रहे। राखी प्रतियोगिता को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजिका तनु शर्मा, बीता सिंह, पूनम अग्निहोत्री, अल्का शर्मा, दीक्षा सिंह, महिमा वार्ष्णेय, डॉ. रीना अग्निहोत्री एवं डॉ. अनुपम भारद्वाज का विशेष सहयोग रहा। वहीं कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन में कार्यक्रम संयोजक मंजू शर्मा, माधुरी शर्मा, माधवी शर्मा, सरिता उपाध्याय, कु. गुनगुन वार्ष्णेय, कु. अनुष्का वर्मा, प्रतीक वार्ष्णेय, प्रदीप कुमार सक्सेना एवं घोष प्रमुख रामसहाय का विशेष योगदान रहा। सभी के सहयोग से कांवड़ यात्रा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुए। विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी भैया-बहिनों की प्रतिभा एवं उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने वाले सभी आचार्यों, भैया-बहिनों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।














