
हाथरस 26 अगस्त। जनपद में राज्य कर (जीएसटी) कार्यालय को शहर से दूर स्थानांतरित किए जाने के विरोध में व्यापारियों और उद्योग संगठनों द्वारा लंबे समय से किया जा रहा संघर्ष आखिरकार रंग लाया है। व्यापारियों की मांग को स्वीकार करते हुए अब राज्य जीएसटी कार्यालय का निर्माण शहर से दूर केवल गढ़ी में नहीं, बल्कि हाथरस शहर के वाटर वर्क्स स्थित नगर पालिका परिसर की करीब 3000 वर्ग मीटर नजूल भूमि पर कराया जाएगा। शासन की ओर से भूमि हस्तांतरण को मंजूरी दिए जाने के बाद जिले के व्यापारियों और उद्योगपतियों में खुशी का माहौल है। दरअसल, पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा हाथरस से करीब 14 किलोमीटर दूर केवल गढ़ी में उत्तर प्रदेश राज्य कर (जीएसटी) कार्यालय के लिए भूमि आवंटित किए जाने की प्रक्रिया की गई थी। जब इसकी जानकारी हाथरस के उद्योग एवं व्यापार संगठनों को मीडिया के माध्यम से हुई तो व्यापारियों ने सामूहिक रूप से इसका विरोध शुरू कर दिया। व्यापारियों का कहना था कि जीएसटी कार्यालय ऐसी जगह होना चाहिए, जहां जनपद के हाथरस के साथ-साथ सिकंदराराऊ, सासनी और सादाबाद क्षेत्र के व्यापारियों को भी आसानी से पहुंचने की सुविधा मिल सके। शहर से दूर कार्यालय होने पर व्यापारियों को जीएसटी से जुड़े कार्यों के लिए आने-जाने में अतिरिक्त समय और परेशानी का सामना करना पड़ता।
व्यापारी संगठनों के विरोध और मांग को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने जीएसटी कार्यालय के लिए वैकल्पिक स्थल तलाशना शुरू किया। व्यापारियों के प्रतिनिधियों ने भी इस मांग को लेकर लखनऊ तक दौड़ लगाई और शासन स्तर पर अपनी बात मजबूती से रखी। लगातार प्रयासों के बाद पूर्व में किए गए भूमि आवंटन को रुकवाकर वाटर वर्क्स स्थित नगर पालिका की भूमि को नए स्थल के रूप में प्रस्तावित किया गया। जीएसटी एवं प्रशासनिक अधिकारियों तथा व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों की संयुक्त टीम द्वारा स्थल का निरीक्षण करने के बाद इसे जीएसटी कार्यालय के लिए उपयुक्त माना गया। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता दिवाकर के प्रयासों से नगर पालिका बोर्ड की आकस्मिक बैठक आयोजित कर व्यापारियों के हित में तत्काल प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव को जिला प्रशासन के माध्यम से शासन को भेजा गया। व्यापारियों की मांग और प्रशासनिक प्रयासों के बाद शासन द्वारा करीब 3000 वर्ग मीटर नजूल भूमि के हस्तांतरण को मंजूरी प्रदान कर दी गई। इस संबंध में आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की ओर से 24 अगस्त को प्रमुख सचिव पी गुरु प्रसाद की ओर से शासनादेश जारी किया गया। शासनादेश जारी होने के बाद अब हाथरस शहर के वाटर वर्क्स परिसर में राज्य जीएसटी कार्यालय के आधुनिक एवं बहुमंजिला भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। प्रस्तावित भवन में जीएसटी अधिकारियों के कार्यालयों के साथ-साथ अधिवक्ताओं के चैम्बर, व्यापारियों एवं उद्योगपतियों के लिए कक्ष, विश्राम कक्ष, स्टाफ रूम, कैंटीन, सचल दल के वाहनों के लिए हॉल, अधिकारियों के आवास तथा मोटर वाहन स्टैंड सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की योजना है। इससे व्यापारियों को जीएसटी से संबंधित कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।
व्यापारी नेता एवं फैम के जिला अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए व्यापारियों की मांग को समर्थन देने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं जीएसटी विभाग के अधिकारियों तथा नगर पालिका पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने फैम के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, जीएसटी विभाग उत्तर प्रदेश की प्रमुख सचिव कामिनी रतन चौहान, उत्तर प्रदेश जीएसटी आयुक्त नितिन बंसल, विशेष सचिव राज्य कर जीएसटी विभाग राहुल पांडेय, हाथरस जिलाधिकारी अतुल वत्स, संयुक्त आयुक्त राज्य कर जीएसटी आरके सिंह, उपायुक्त जीएसटी पीके गुप्ता, सहायक आयुक्त मयंक जैन, नगर पालिका की अध्यक्ष श्वेता चौधरी, जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह एवं महामंत्री राजेश सिंह गुड्डू भैया सहित उन सभी लोगों का अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया, जिन्होंने जीएसटी कार्यालय को शहर में स्थापित कराने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं बल्कि पूरे जनपद के व्यापारियों और उद्योगपतियों के सामूहिक संघर्ष का परिणाम है। व्यापारियों की न्यायपूर्ण मांग को प्रशासन एवं शासन द्वारा स्वीकार किए जाने से कारोबारियों को बड़ी राहत मिलेगी। शहर के मध्य जीएसटी कार्यालय स्थापित होने से सिकंदराराऊ, सासनी, सादाबाद सहित पूरे जनपद के व्यापारियों को जीएसटी संबंधी कार्यों के लिए अधिक सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध होगा। जीएसटी कार्यालय के लिए भूमि हस्तांतरण की मंजूरी मिलने की खबर से व्यापारियों एवं उद्योगपतियों में हर्ष का वातावरण है। व्यापारिक संगठनों ने इसे अपने संघर्ष की बड़ी सफलता बताते हुए शासन, प्रशासन और नगर पालिका का आभार जताया है। बताया गया कि कार्यालय के भूमि पूजन एवं निर्माण कार्य के शुभारंभ को लेकर जल्द ही प्रशासनिक स्तर से कार्यक्रम की सूचना जारी की जाएगी।













