
हाथरस 25 अगस्त। नगर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और सफाई कार्यों का धरातलीय सत्यापन करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका परिषद हाथरस के सभी 35 वार्डों में विशेष सफाई निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी द्वारा नामित नोडल अधिकारियों ने वार्डों में पहुंचकर सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह, Garbage Vulnerable Points (GVP), कूड़ा उठाने वाले वाहनों की उपलब्धता तथा सूखे और गीले कचरे के पृथक्करण की स्थिति का मौके पर सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका में कार्यरत कुल 780 सफाई कार्मिकों में से 40 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। वहीं, 35 वार्डों के निरीक्षण में कुल 65 Garbage Vulnerable Points चिन्हित किए गए। इनमें सबसे अधिक चार GVP वार्ड संख्या छह मीतई में पाए गए। संबंधित अधिकारियों को इन स्थानों से तत्काल कूड़ा हटवाकर नियमित सफाई सुनिश्चित करने और दोबारा कूड़ा एकत्र न होने देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या 29, गौशाला रोड में एक भवन स्वामी द्वारा नाली क्षतिग्रस्त कर निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट सड़क पर फैलाकर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया। नगर पालिका ने मौके पर कार्रवाई करते हुए भवन स्वामी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और धनराशि वसूल की। इसके अलावा नगर पालिका के 35 वार्डों में कूड़ा उठाने के लिए उपलब्ध कुल 109 वाहन एवं मशीनों में से नौ खराब मिले। इनमें दो ट्रैक्टर, एक जेसीबी और छह टिपर शामिल हैं। जिलाधिकारी ने खराब वाहनों को तत्काल क्रियाशील कराने तथा लापरवाही के लिए संबंधित वाहन प्रभारी और स्टोर कीपर की जिम्मेदारी निर्धारित कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण में 35 में से 28 वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह संचालित पाया गया, जबकि शेष सात वार्डों में तत्काल व्यवस्था शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। सभी 35 वार्डों में घरों से सूखा और गीला कचरा अलग-अलग एकत्र कर निर्धारित प्रोसेसिंग एवं निस्तारण स्थल तक पहुंचाने के निर्देश भी संबंधित एजेंसी को दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि नगर की सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह, सफाई वाहनों की उपलब्धता और Garbage Vulnerable Points की स्थिति का नियमित सत्यापन कराया जाएगा। निरीक्षण के बाद दिए गए निर्देशों के अनुपालन का दोबारा सत्यापन भी किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी एवं अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।












