Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 अगस्त। पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने 25 अगस्त 2026 को पुलिस कार्यालय स्थित मीटिंग हॉल में जनपद के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, डिजिटल वॉरियर्स एवं कंटेंट क्रिएटर्स के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक श्री रामानंद कुशवाहा सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और सोशल मीडिया से जुड़े लोग मौजूद रहे। बैठक के दौरान एसपी ने सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि जनजागरूकता, सामाजिक सहयोग और सकारात्मक संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से कानून एवं यातायात नियमों, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशे के दुष्प्रभाव, सड़क सुरक्षा तथा सामाजिक सद्भाव से जुड़े जागरूकता संदेश प्रसारित करने की अपील की। साइबर सुरक्षा पर चर्चा करते हुए एसपी ने फर्जी लिंक, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी जानकारी के नाम पर होने वाली ठगी से लोगों को सतर्क करने पर जोर दिया। वहीं, सोशल मीडिया पर किसी भी सूचना, फोटो या वीडियो को प्रसारित करने से पहले उसके सत्यापन की अपील की गई। संवेदनशील मामलों में पीड़ित की पहचान या निजी जानकारी सार्वजनिक नहीं करने तथा भ्रामक, आपत्तिजनक और वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री से बचने की बात कही गई। एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पुलिस और जनता के बीच संवाद मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है और डिजिटल क्रिएटर्स पुलिस के महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात, साइबर सुरक्षा एवं जनजागरूकता अभियानों को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। बैठक में उपस्थित डिजिटल क्रिएटर्स ने भी अपने सुझाव साझा किए और जनजागरूकता अभियानों में सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सकारात्मक संदेश प्रसारित करने, पुलिस प्रशासन का सहयोग करने और जनजागरूकता अभियानों में विशेष योगदान देने के लिए वर्षा जादौन, अनीता चौधरी उर्फ अन्नू, गोपाल उपाध्याय और हरेंद्र सिंह को पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपस्थित अन्य इन्फ्लुएंसर्स को भी प्रतीक चिन्ह के रूप में बैग भेंट किए गए। एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया की शक्ति का इस्तेमाल समाज को जोड़ने, जागरूक करने और सुरक्षित बनाने के लिए होना चाहिए। बैठक में वर्षा जादौन, अनीता चौधरी उर्फ अन्नू, गोपाल उपाध्याय, हरेंद्र सिंह, सोमेश शर्मा, हेमलता, अभिषेक कुमार, कुसुम दीक्षित, विजय कुशवाहा, पुष्पेंद्र कुमार, नेहा सासनी, वंश शर्मा, गौरव कुमार, तुषार, सूरज, सुरभि, जानवी शर्मा सहित अन्य डिजिटल क्रिएटर्स मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page