
हाथरस 24 अगस्त। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जनपद स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया है। जिला पंचायत राज अधिकारी राकेश बाबू ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव को लेकर विभिन्न माध्यमों से शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिनके शीघ्र निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को सूचना दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र में जलभराव की समस्या होने पर लोग कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर 05722-297065 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा वैकल्पिक नंबर 7417787747 भी संचालित किया गया है। शिकायतकर्ता इन नंबरों पर संपर्क कर जलभराव की समस्या से संबंधित पूरा विवरण दर्ज करा सकते हैं। जनपद स्तर से सभी विकासखंडों के सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का तत्काल निराकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ग्राम पंचायत सचिवों को भी आवंटित ग्राम पंचायतों में जलभराव की स्थिति सामने आने पर शीघ्र कार्रवाई कर समस्या का निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं।













