Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 अगस्त। एटा में स्कूल बस की चपेट में आने से एक एलकेजी की छात्रा की मौत के बाद हाथरस पुलिस ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में सोमवार को शहर के अलीगढ़ रोड और तालाब चौराहे पर स्कूली वाहनों एवं ई-रिक्शा की सघन चेकिंग की गई। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने हमारा हाथरस को बताया कि शहर में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान 10 ई-रिक्शा सीज किए गए, जबकि 50 वाहनों के चालान काटे गए। कार्रवाई के बाद पुलिस ने बच्चों को अपने सरकारी वाहनों से सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया। वहीं, हाथरस सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत तालाब चौराहे पर प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राघव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान 5 ई-रिक्शा सीज किए गए तथा कई वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस ने ई-रिक्शा चालकों को बच्चों की सुरक्षा के प्रति विशेष सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्कूली बच्चों को ले जाने वाले वाहनों में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page