
हाथरस 23 अगस्त। क्षेत्र में फाइनेंस कंपनी के फील्ड ऑफिसर से किस्तों की रकम लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को पुलिस निगरानी में लिया गया है। जानकारी के मुताबिक 17 अगस्त को ग्राम पटैनी निवासी धर्मवीर सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि वह दिगम्बर फाइनेंस कंपनी में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत है और ग्राम रधोई वर्जु से किस्तों की रकम वसूलकर हाथरस स्थित कार्यालय लौट रहा था। इसी दौरान सेनपुर बंबा की तरफ से आए तीन युवकों ने कथित तौर पर उसे रोककर वसूली की रकम लेकर फरार हो गए थे। मामले में थाना सादाबाद पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर चलाए जा रहे संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के तहत एसओजी टीम और थाना सादाबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर टीकैत गांव बंबा पुलिया के पास कार्रवाई करते हुए लूट की योजना बना रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया और दो बाल अपचारियों को पुलिस निगरानी में लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वादी का आधार कार्ड बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वे कई दिनों से फाइनेंसकर्मी पर नजर रख रहे थे और 17 अगस्त को उसकी ओर से बड़ी रकम वसूले जाने की जानकारी मिलने के बाद रास्ते में पैसे छीनने की योजना बनाई थी। पुलिस के मुताबिक आरोपी दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने के लिए निकले थे, तभी उन्हें पकड़ लिया गया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।













