Hamara Hathras

Latest News

लखनऊ/हाथरस 22 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिलाएं अपने एक सहयोगी के साथ बिल्कुल मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने परिवहन, पुलिस और प्रशासन को महिलाओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। इस दौरान महिला सुरक्षा के लिए प्रमुख मार्गों पर एंटी रोमियो स्क्वाड सक्रिय रहेगा और बस चालकों की निगरानी की जाएगी, ताकि नशे की हालत में कोई चालक वाहन न चला सके। शनिवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्य अहम मुद्दों को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए। प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर और गाजियाबाद सहित विभिन्न शहरों में जलभराव की समस्या पर उन्होंने लो-लैंड क्षेत्रों में अतिरिक्त पंपिंग स्टेशन लगाने और नालों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। वहीं प्रदेश के 19 बाढ़ प्रभावित जिलों में कंट्रोल रूम को सक्रिय रखते हुए प्रभावित परिवारों तक पका भोजन और राहत सामग्री पहुंचाने को कहा गया। बैठक में चीनी की उपलब्धता और कीमतों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में चीनी का पर्याप्त स्टॉक है और जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर स्कूलों को लेकर भ्रामक वीडियो और अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारियों को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण कर बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page