Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 अगस्त। श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आज को युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने के उद्देश्य से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत साइकिल रैली निकाली गई। इसके साथ ही महाविद्यालय में ‘ए.आई.: ट्रांसफॉर्मिंग लाइव्स, चैलेंजिंग ह्यूमैनिटी’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। साइकिल रैली का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर से हुआ। रैली शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों से होते हुए वापस महाविद्यालय परिसर में पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही खेलकूद, साइकिलिंग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनाकर स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली जीने के लिए प्रेरित किया गया। रैली का आयोजन प्राचार्या प्रो. मंजु वर्मा के दिशा-निर्देशन में खेल समिति प्रभारी डॉ. बरखा भारद्वाज और रेंजर्स सदस्य डॉ. शशि कुमारी की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की जानकारी प्रतिवेदन समिति प्रभारी नेहा यादव और मीडिया प्रभारी डॉ. शशि द्वारा दी गई। वहीं, 22 अगस्त 2026 को अंग्रेजी विभाग के तत्वावधान में ‘एआई ट्रांसफॉर्मिंग लाइव्स, चैलेंजिंग ह्यूमैनिटी’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता का संयोजन डॉ. ललितेश तिवारी ने किया। प्रतियोगिता में बीए की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर अंग्रेजी विभाग प्रभारी प्रो. संगीता अरोड़ा ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अंग्रेजी विभाग द्वारा समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इनमें प्रतिभाग करने से छात्राओं के ज्ञान में वृद्धि होने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व का भी विकास होता है। निबंध प्रतियोगिता में कु. निहारिका श्रीवास्तव (बीए प्रथम वर्ष) ने प्रथम, कु. सोनी (बीए प्रथम वर्ष) ने द्वितीय तथा कु. गायत्री (बीए तृतीय वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में अंग्रेजी विभाग की कु. नाहिद बी. और समाजशास्त्र विभाग की डॉ. रेनू सिंह शामिल रहीं। महाविद्यालय में आयोजित दोनों कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं को नशामुक्ति, स्वास्थ्य, रचनात्मक गतिविधियों और आधुनिक तकनीक के प्रति जागरूक करते हुए उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page