
हाथरस 21 अगस्त। आगामी माह से शुरू होने वाले श्री दाऊजी महाराज राजकीय मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ मेला परिसर का भ्रमण कर ले-आउट प्लान के माध्यम से तैयारियों का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेला परिसर में प्रवेश एवं निकासी के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि भीड़ का अनावश्यक दबाव न बने और आवागमन सुचारू रहे। उन्होंने पार्किंग स्थल को सुव्यवस्थित रूप से विकसित करने तथा वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित करने को कहा। आपात स्थिति में श्रद्धालुओं की त्वरित एवं सुरक्षित निकासी के लिए पर्याप्त वैकल्पिक मार्ग विकसित करने और इन व्यवस्थाओं का पूर्व परीक्षण कराने के निर्देश भी दिए।
डीएम ने पूरे मेला परिसर में साफ-सफाई, जल निकासी, स्थायी इंटरलॉकिंग, विद्युत पोलों को सुरक्षा की दृष्टि से कवर करने तथा पर्याप्त वॉच टावर स्थापित करने को कहा। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दुकानों एवं झूलों आदि के लिए अलग-अलग क्षेत्र निर्धारित करने के निर्देश दिए, ताकि आवागमन एवं भीड़ नियंत्रण में किसी प्रकार की परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का मेला राजकीय एवं ऐतिहासिक-धार्मिक महत्व का मेला है, जो प्रत्येक वर्ष आयोजित होता है। इसलिए ऐसी स्थायी एवं बहुउपयोगी व्यवस्थाएं विकसित की जाएं, जिनका आगामी वर्षों में भी उपयोग किया जा सके। इससे मेले की व्यवस्थाएं मजबूत होने के साथ प्रत्येक वर्ष होने वाले आवर्ती खर्च में भी कमी आएगी। उन्होंने तैयार किए जा रहे संसाधनों में स्थायित्व एवं बहुउपयोगिता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने मेला परिसर में स्थापित किए जाने वाले कंट्रोल रूम को प्रभावी ढंग से संचालित करने, वहां से पूरे परिसर की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था एवं आपातकालीन सेवाओं की विभागवार समीक्षा कर सभी कार्य समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेले की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने और साफ किए गए स्थानों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले की भव्यता के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वि./रा., अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।













