
हाथरस 21 अगस्त। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के सलेमपुर में मथुरा-बरेली राजमार्ग पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीछे से तेज गति से आ रहे केमिकल से भरे ड्रमों के ट्रक ने बाइक सवार मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे केमिकल से भरे ड्रम हाईवे पर फैल गए। मृतक की पहचान वृंदावन निवासी बांके बिहारी शर्मा पुत्र मंगतू राम शर्मा के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर कार्य करते थे। शुक्रवार को वह हसायन थाना क्षेत्र के रति का नगला में डॉक्टरों और मेडिकल स्टोर संचालकों से संपर्क करने के बाद बाइक से वृंदावन लौट रहे थे। इसी दौरान सलेमपुर के पास पीछे से आ रहे केमिकल से लदे ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बांके बिहारी शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद ट्रक भी सड़क पर पलट गया और उसमें लदे केमिकल के ड्रम हाईवे पर फैल गए। सड़क पर केमिकल फैलने के कारण मौके पर स्थिति संवेदनशील हो गई और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही हाथरस जंक्शन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कराया। किसी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के चलते मथुरा-बरेली राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।









