Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 20 अगस्त । क्षेत्र के गांव खेड़ा बरामई निवासी एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार पर दो लाख रुपये की बकाया रकम वापस नहीं करने और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के आदेश के बाद मुरसान कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांव खेड़ा बरामई निवासी सुनील कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 मई 2014 को उनकी मौसी का बेटा रोबिन निवासी देवसेनी, थाना क्वार्सी, अलीगढ़ उनके घर आया था। उसने अपनी मां की तबीयत खराब होने की बात कहते हुए रुपयों की जरूरत बताई। इस पर सुनील ने अपने पिता के बैंक खाते से चार लाख रुपये का चेक रोबिन को दे दिया। आरोप है कि रोबिन ने व्यापार में पैसा आने के बाद पूरी रकम वापस करने का आश्वासन दिया था।

कुछ समय बाद सुनील के पिता का निधन हो गया। इसके बाद सुनील और उनकी मां ने कई बार रोबिन से रुपये वापस मांगे, लेकिन आरोप है कि वह रकम लौटाने में टालमटोल करता रहा। सुनील के अनुसार वर्ष 2017 में रोबिन एक हत्या के मामले में जेल भी गया था। पीड़ित का कहना है कि मई 2025 में रोबिन ने चार लाख रुपये में से दो लाख रुपये वापस कर दिए और शेष दो लाख रुपये एक माह बाद देने का आश्वासन दिया। निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी उसने बाकी रकम नहीं लौटाई। सुनील के मुताबिक, 1 अगस्त 2026 को वह अपनी मां के साथ बकाया दो लाख रुपये मांगने रोबिन के घर गया था। आरोप है कि वहां रोबिन ने अभद्रता करते हुए रुपये लौटाने से इनकार कर दिया और कहा कि उसने पैसे हड़प लिए हैं, अब कोई रकम नहीं देगा। पीड़ित का आरोप है कि दोबारा पैसे मांगने घर आने पर रोबिन ने जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद सुनील ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मुरसान कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page