Hamara Hathras

Latest News

हाथरस/हसायन। दहेज की मांग, मारपीट और देवर द्वारा दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए हसायन क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया है। पीड़िता ने न्यायालय के आदेश पर महिला थाना में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 20 जून 2021 को थाना बरहन, जिला आगरा क्षेत्र निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी में उसके पिता ने एक लाख 51 हजार रुपये नकद के साथ सोने की चेन, अंगूठी, बाइक, एलईडी टीवी, कूलर, वाशिंग मशीन, फ्रिज, एसी, अलमारी और डबल बेड सहित करीब नौ लाख रुपये का सामान दहेज में दिया था। महिला का आरोप है कि इसके बावजूद ससुराल वाले दहेज से खुश नहीं थे। शादी के करीब छह महीने बाद ही कम दहेज को लेकर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी गई। पीड़िता ने पति, ससुर, सास, जेठ और जिठानी पर शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। साथ ही बताया कि संतान न होने के कारण पति उस पर तलाक देने का दबाव बनाता था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 5 अक्टूबर 2025 को दीपावली और करवाचौथ की खरीदारी के लिए ससुराल के अन्य लोग आगरा गए हुए थे। इसी दौरान जेठ ने उसे अकेला पाकर कमरे में खींच लिया और जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर वह मौके से भाग गया। आरोप है कि घटना की शिकायत करने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ लात-घूसों से मारपीट की और साड़ी के फंदे से गला घोंटने का प्रयास किया। अगले दिन 6 अक्टूबर 2025 को पति, जेठ और ससुर उसे गाड़ी से मायके छोड़ गए। आरोप है कि उन्होंने कहा कि दो लाख रुपये लेकर आने पर ही उसे वापस रखा जाएगा, अन्यथा तलाक दे दिया जाएगा। महिला का कहना है कि उसने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक और महिला थाना में भी की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page