
हाथरस 20 अगस्त । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव रूहेरी में गुरुवार को 25 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुरालीजन उसे अचेत अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है।
जिला एटा के जलेसर निवासी लक्ष्मी की शादी करीब सात वर्ष पहले रूहेरी निवासी युवक के साथ हुई थी। बताया गया कि लक्ष्मी की सगी बहन विनीता की शादी भी उसके पति के भाई के साथ हुई थी।
गुरुवार को लक्ष्मी के ससुरालीजन उसे अचेत अवस्था में उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लक्ष्मी की मौत की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी जिला अस्पताल पहुंच गए। लक्ष्मी की दूसरी बहन सुमन पत्नी राजन निवासी जोगिया, थाना हाथरस गेट ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग लक्ष्मी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करते थे। उसने आरोप लगाया कि गुरुवार को ससुरालियों ने लक्ष्मी की हत्या कर दी। वहीं हाथरस गेट थाना प्रभारी नितिन कसाना के अनुसार गुरुवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि पति ने लक्ष्मी को थप्पड़ मार दिया था। पुलिस के अनुसार इससे क्षुब्ध होकर लक्ष्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









