Hamara Hathras

Latest News

हाथरस २० अगस्त । एक महिला के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर फोनपे के माध्यम से 80 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर रकम वापस दिलाने और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस ने अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ममौता कला नगला रामसिंह निवासी रश्मी सत्संगी पत्नी गौरव कुमार ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 21 जुलाई 2026 की शाम उनके बैंक खाते से फोनपे के जरिए 80 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए। यह रकम हिमांशु सिंह पुत्र लाखन सिंह निवासी रामनगर, कलाखैरा, भोजपुर, उधमसिंह नगर, उत्तराखंड के खाते में भेजी गई। रश्मी का कहना है कि जिस समय खाते से रकम ट्रांसफर हुई, उस समय वह न तो फोनपे चला रही थीं और न ही मोबाइल का इस्तेमाल कर रही थीं। उनका मोबाइल उस दौरान बार-बार अपने आप बंद और चालू हो रहा था तथा अपडेट हो रहा था। इसी बीच बैंक खाते से रकम निकल गई। पीड़िता के मुताबिक ट्रांजेक्शन का कोई मैसेज भी उनके मोबाइल पर नहीं आया।

उन्होंने बताया कि बैंक की ओर से ऑटोमेटेड कॉल आने के दौरान भी उनका मोबाइल बार-बार बंद और चालू हो रहा था। रश्मी के अनुसार वह हिमांशु सिंह को न तो जानती हैं और न ही उनके परिवार का कोई सदस्य उक्त व्यक्ति से परिचित है। बैंक शाखा प्रबंधक द्वारा ही उन्हें ट्रांजेक्शन से संबंधित व्यक्ति का विवरण उपलब्ध कराया गया। पीड़िता ने बताया कि उनके पति गौरव कुमार दिल्ली स्थित आर्मी हॉस्पिटल रिसर्च एंड रेफरल के मेस में मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते हैं। उनकी तबीयत अक्सर खराब रहती है और दवाइयों पर काफी खर्च होता है। इलाज के लिए उनके पति ने 15 जुलाई 2026 को अपने खाते से रुपये ट्रांसफर किए थे। रश्मी ने एसपी से मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा साइबर ठगी के जरिए निकाली गई 80 हजार रुपये की रकम वापस दिलाए जाने की मांग की। शिकायत के बाद साइबर पुलिस ने अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page