
सिकन्दराराऊ (हसायन) 19 अगस्त। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए केवल तंबाकू के कारखाने या शराब की दुकानों को बंद कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को स्वयं नशे से दूर रहने का संकल्प लेना होगा। “मन बंदी से होगी नशा बंदी” का संदेश देते हुए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के हसायन शाखा की बीके उमा बहिन ने कहा कि जब व्यक्ति स्वयं नशे का सेवन करना बंद करेगा, तभी समाज में वास्तविक बदलाव आएगा। अलीगढ़ रोड स्थित आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र की राजयोग केंद्र संचालिका बीके शांता बहिन के निर्देशन में हसायन शाखा द्वारा भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन इंडिया की सलेमपुर इकाई तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान बीके उमा बहिन ने लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन इंडिया की सलेमपुर इकाई के एसोसिएट एग्जीक्यूटिव भूषण पाटिल ने कहा कि व्यक्ति को अपनी मेहनत की कमाई नशे की लत में बर्बाद नहीं करनी चाहिए। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संगठन की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि की स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाभियान को वर्तमान समय में बेहद प्रासंगिक बताया और अभियान के लिए आभार व्यक्त किया।
वहीं थाना हसायन में एसएचओ मनीष टिकारा की उपस्थिति में दरोगा परवेज, दरोगा मनु यादव, दरोगा अरविंद कुमार, दरोगा यदुनाथ सहित थाना स्टाफ को बीके लक्ष्मी बहिन ने नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से नशे को अपने जीवन से दूर रखने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। नशामुक्ति अभियान के तहत दादा मेघ सिंह इंटर कॉलेज, संतोष कुमार हरभेजी इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक, संकट मोचन इंटर कॉलेज सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। एक ही दिन में ढाई हजार से अधिक लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। अभियान को सफल बनाने में बीके उमा बहिन के साथ वर्षा बहिन, खुशी बहिन और लक्ष्मी बहिन का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि नशामुक्त समाज के लिए किसी बाहरी व्यवस्था के बजाय सबसे पहले व्यक्ति को अपने मन और आदतों पर नियंत्रण करना होगा।








