
सिकन्दराराऊ 17 अगस्त। हरिद्वार में डाक कांवड़ उठाने के करीब 20 मिनट बाद ही क्षेत्र के गांव बरई शाहपुर निवासी 22 वर्षीय आकाश की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह जमीन पर गिर पड़ा। साथियों ने तत्काल सीपीआर और मुंह से सांस देकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, आकाश 15 अगस्त को दोस्तों के साथ डाक कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। 16 अगस्त की रात करीब साढ़े 11 बजे उसने साथियों के साथ डाक कांवड़ उठाई। कांवड़ उठाने के करीब 20 मिनट बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ी और वह जमीन पर गिर पड़ा। साथियों के अनुसार, इस दौरान उसे तीन बार झटके आए। दोस्तों ने तुरंत सीपीआर देकर और मुंह से सांस देकर उसे बचाने का प्रयास किया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि आकाश करीब छह माह पहले रोजगार के लिए जयपुर गया था और वहीं काम करता था। उसके पिता ओंकार की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। परिवार में मां, दो भाई और एक बड़ी विवाहित बहन है। उसका 13 वर्षीय छोटा भाई अक्सर बीमार रहता है। स्वजन के अनुसार, आकाश ही परिवार का मुख्य सहारा था। रविवार देर रात आकाश का शव गांव बरई शाहपुर पहुंचा। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। आकाश के साथ डाक कांवड़ उठाने गए उसके साथी भी इस घटना से गहरे सदमे में हैं।









